
Q.25 - प्राकृतिक गैस हाइड्रेट्स क्या हैं? भारत की वर्तमान ऊर्जा समस्या का समाधान क्या इनके ज़रिये संभव है? (200 शब्द)
उत्तर :
→ हाल ही में भारत, संयुक्त राज्य अमेरिका और जापान द्वारा चलाए जा रहे एक संयुक्त अनुसंधान ‘इंडियन नेशनल गैस हाइड्रेट प्रोग्राम एक्सपेडिशन-02’ के दौरान बंगाल की खाड़ी में प्राकृतिक गैस हाइड्रेट के विशाल भंडार का पता लगा है। यह भंडार कृष्णा-गोदावरी बेसिन के रेत वाले क्षेत्र में मौजूद है। इसे भारत की ऊर्जा ज़रूरतों को पूरा करने के लिये एक नए स्रोत की संभावना के रूप में देखा जा रहा है।
→ वर्तमान में देश में कुल विद्युत उत्पादन का लगभग 70 फीसदी उत्पादन कोयला आधारित संयंत्रों से होता है। भारत अपने तेल और गैस की ज़रूरतों को पूरा करने के लिये आयात पर निर्भर है। भारत सरकार देश की ज़रूरत का 80% तेल आयात करती है। सरकार पेट्रोलियम के आयात पर सर्वाधिक विदेशी मुद्रा खर्च करती है। गैस हाइड्रेट मुख्यत: मीथेन और पानी का क्रिस्टलीय रूप है। इससे आसानी से प्राकृतिक गैस निकाली जा सकती है। इसे भविष्य के लिये प्रमुख ऊर्जा संसाधन के रूप में देखा जा रहा है। गैस हाइड्रेट के दोहन के लिये प्रौद्योगिकी को विकसित कर भारत अपनी ऊर्जा सुरक्षा को सुनिश्चित कर सकता है।
→ संभावित ईंधन संसाधन के रूप में उभर रहे गैस हाइड्रेट का भारत के पास प्रचुर भंडार है। इससे ऊर्जा की भारी मांग को पूरा किया जा सकता है।















